Amritsar अमृतसर: श्री दरबार साहिब के बाद अब अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बम की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि कल शाम एक अज्ञात कॉलर ने हवाई अड्डा प्रशासन को फ़ोन करके धमकी दी कि "हवाई अड्डे को जल्द ही बम से उड़ा दिया जाएगा"। धमकी मिलते ही हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को सूचित किया। इलाके के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है, लेकिन देर रात तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि यह किसी शरारती तत्व का काम हो सकता है, लेकिन पिछले कुछ हफ़्तों में धार्मिक स्थलों और संवेदनशील जगहों को मिली धमकियों को देखते हुए इस कॉल को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हवाई अड्डे और नियंत्रण कक्ष के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, कॉल का पता लगाने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। कॉल करने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से लगातार श्री दरबार साहिब को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही थीं, वहीं अब इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर, जहां से देश-विदेश से उड़ानें आती हैं, को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।