Odisha: भारी बारिश के बीच पुल पार करते समय भारी ट्रक अनियंत्रित होकर गिरा
Odisha ओडिशा: ओडिशा के बेलपहाड़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. रविवार शाम एक भीषण हादसे में एक भारी ट्रक अनियंत्रित होकर बेलपहाड़-हेमगीर को जोड़ने वाले चौंरी माहुल पुल से नीचे लुढ़क गया. इस घटना के बाद बेलपहाड़ से सुंदरगढ़ और हेमगीर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यह हादसा उस वक्त हुआ जब भारी बारिश के कारण चौंरी माहुल पुल पर पानी का तेज बहाव था. इसी दौरान सुंदरगढ़ से बेलपहाड़ आ रहा लोहे के चैनल से लदा एक ट्रक पुल पार करते समय अनियंत्रित होकर सीधा नीचे गिर गया|
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन ट्रक को काफी नुकसान हुआ है. घटना के बाद भी चौंरी माहुल पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव जारी है, जिससे रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है. इलाके के लोग अब वैकल्पिक रास्ते तलाश रहे हैं. बताया जा रहा है कि चौंरी माहुल पुल पहले से ही कमजोर हालत में था और भारी वाहनों की आवाजाही के लिए उपयुक्त नहीं था. लगातार हो रही बारिश के कारण पुल की हालत खराब हो गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन की ओर से मार्ग को साफ करने और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।