Maharashtra महाराष्ट्र। गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित देशपांडे ग्राउंड में गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब तैयार किया गया है। इस सुविधा का उद्घाटन शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने किया।
यह कृत्रिम तालाब शिवसेना (UBT) के पार्षद अंकित सुनील प्रभु के नेतृत्व में स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसका उद्देश्य गणपति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और प्राकृतिक जल स्रोतों पर दबाव कम करना है।
देशपांडे ग्राउंड क्षेत्र को सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MP LAD) के माध्यम से भी सुंदर बनाया गया है। क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने पार्षद अंकित प्रभु की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंकित प्रभु शिवसेना के प्रतिभाशाली पार्षद हैं और उन्हें लोगों के बीच जाकर यह दिखाना चाहिए कि शिवसेना का पार्षद किस तरह सामाजिक कार्य कर सकता है।
संजय राउत ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के काम में विजन होना जरूरी है और यहां वह नजर आता है। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों को समझकर किए गए काम ही सही मायने में सामाजिक सेवा हैं। गणेश विसर्जन मुंबई के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन करते हैं। ऐसे में कृत्रिम तालाब जैसी सुविधाएं पर्यावरण संरक्षण और बेहतर प्रबंधन में मददगार साबित होती हैं।