Shirdi शिरडी: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के शिरडी से अपराध की चौंकाने वाली खबर आई है। जानकारी के मुताबिक शिरडी में डकैती के अलग-अलग प्रयासों में श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट के दो कर्मचारियों की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है। वहीं इस हमले में एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है। अपराध की यह घटना सोमवार तड़के की बताई जा रही है। पुलिस ने इस घटना से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने मंगलवार को जानकारी दी कि इस घटना में 43 वर्षीय सुभाष साहेबराव घोडे और 45 वर्षीय नितिन कृष्ण शेजुल की मौत हो गई है।
ये दोनों शिरडी के प्रसिद्ध साईंबाबा मंदिर का प्रबंधन करने वाले ट्रस्ट के कर्मचारी थे। इनकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है। वहीं, निवासी कृष्ण देहरकर घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार मंदिर विभाग में सहायक साहेबराव घोडे और सुरक्षा विभाग में संविदा कर्मचारी नितिन कृष्ण शेजुल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है और श्री कृष्ण नगर निवासी कृष्ण देहरकर घायल हो गए हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि इन तीनों पर एक घंटे के अंतराल में हमला किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि सोमवार को हुए हमलों के सिलसिले में श्रीराम नगर निवासी किरण न्यानदेव सदा कुले को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया है कि इन हमलों के पीछे एकमात्र मकसद लूटपाट करना था। गिरफ्तार आरोपी कुले और अन्य के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।