MUMBAI मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित IIT बॉम्बे में एक छात्र की आत्महत्या के बाद कुछ छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले को लेकर मुंबई पुलिस के DCP दत्तात्रेय नलवाडे ने जानकारी दी कि IIT प्रशासन छात्रों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। DCP दत्तात्रेय नलवाडे ने बताया कि IIT पवई में एक छात्र ने आत्महत्या की घटना सामने आई। इसके बाद संस्थान के कुछ छात्र एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कहा कि IIT प्रशासन छात्रों के साथ चर्चा कर रहा है ताकि मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से भी सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और छात्रों से संवाद बनाए रखा जा रहा है। DCP ने बताया कि आत्महत्या करने वाला छात्र बीटेक द्वितीय वर्ष का विद्यार्थी था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी। पुलिस छात्र के शैक्षणिक, व्यक्तिगत और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। IIT बॉम्बे देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल है। यहां छात्र देश के विभिन्न हिस्सों से पढ़ाई करने आते हैं। किसी छात्र से जुड़ी ऐसी घटना के बाद संस्थान प्रशासन और पुलिस दोनों की ओर से स्थिति को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता कानून व्यवस्था बनाए रखने और छात्रों की चिंताओं को सुनने की है। वहीं, IIT प्रशासन की ओर से भी छात्रों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों और समस्याओं को समझने की कोशिश की जा रही है।
Tags: