Maharashtra महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के जालना में शनिवार को एक निर्माण स्थल के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां बने मजदूरों के अस्थायी शेड में सो रहे 5 मजदूरों की ट्रक से गिराई गई रेत के नीचे दबने से मौत हो गई, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तड़के जाफराबाद तहसील के पासोडी-चंदोल में पुल परियोजना स्थल पर हुई। उन्होंने बताया कि मजदूर निर्माण स्थल पर बने अस्थायी शेड में सो रहे थे, तभी चालक रेत से भरा टिपर ट्रक लेकर वहां पहुंचा।
उसने अनजाने में सारी रेत शेड पर ही गिरा दी, जिससे मजदूर उसके नीचे दब गए। सूत्रों के मुताबिक रेत के वजन के कारण शेड ढह गया, जिसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। अधिकारी ने बताया कि मलबे से एक लड़की और एक महिला को बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चालक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। मृतकों की पहचान सिल्लोड तहसील के गोलेगांव निवासी गणेश धनवाई (60) और उनके बेटे भूषण धनवाई (16) और जाफराबाद तहसील के पद्मावती निवासी सुनील सपकाल (20) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अन्य दो पीड़ितों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।