Maharashtra: महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चंद्रपुर से सटे जुनोना गांव में शनिवार की सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई। जंगल परिसर में पत्ते तोड़ने गए पिता-पुत्र पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, जुनोना गांव निवासी अरुण कुकसे अपने बेटे विजय के साथ जंगल में पत्ते तोड़ने गए थे। अचानक झाड़ियों से निकले भालू ने सबसे पहले अरुण पर हमला कर दिया। पिता को बचाने गए विजय पर भी भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
विजय ने बताया कि भालू ने जैसे ही पिता पर हमला किया तब उसने डंडे से भालू पर हमला कर दिया लेकिन भालू ने उस पर भी हमला कर दिया और उसके बाद क्या हुआ उसे पता नहीं है। इस घटना के दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और लाठी-डंडों व पत्थरों से भालू को भगाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक भालू ने हमला करना नहीं छोड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को चंद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पिता अरुण की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है, वहीं बेटे विजय की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।