महाराष्ट्र TET घोटाले में बिहार कनेक्शन, आरोपी पकड़ा गया

Update: 2026-07-26 13:58 GMT

महाराष्ट्र: शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में समस्तीपुर के रहने वाले बिजेंद्र कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद उसके पैतृक गांव शेरपुर में सन्नाटा पसरा हुआ है। मुंबई पुलिस की कार्रवाई के बाद गांव में लोग इस मामले को लेकर चर्चा कर रहे हैं, लेकिन बिजेंद्र के परिजनों ने खुद को पूरे घटनाक्रम से अलग कर लिया है। परिवार का कहना है कि उनका बिजेंद्र से कई वर्षों से कोई संपर्क नहीं है और वे उसके किसी भी गतिविधि के बारे में जानकारी नहीं रखते हैं।

समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र स्थित शेरपुर गांव में बिजेंद्र के बुजुर्ग पिता बालेश्वर साह आज भी सामान्य जीवन जी रहे हैं। 85 वर्षीय बालेश्वर साह गांव में तेल पेराई का काम करते हैं और इसी से अपना जीवनयापन करते हैं। बेटे की गिरफ्तारी की खबर के बाद भी उन्होंने इस मामले में ज्यादा जानकारी होने से इनकार किया है।

परिजनों के अनुसार, बिजेंद्र कुमार गुप्ता बचपन में पढ़ाई में काफी होनहार था। उसने गांव से शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 2003 में आगे की पढ़ाई के लिए बेगूसराय का रुख किया था। हालांकि, बेगूसराय जाने के कुछ समय बाद ही उसके खिलाफ आपराधिक मामले में गिरफ्तारी की खबर परिवार को मिली थी। इसके बाद धीरे-धीरे उसका परिवार से संपर्क खत्म होता चला गया।

बिजेंद्र के पिता के अनुसार, बाद में उसने उजियारपुर क्षेत्र में प्रेम विवाह कर लिया और अपनी अलग गृहस्थी शुरू कर ली। परिवार का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उसका गांव और परिवार से कोई खास जुड़ाव नहीं रहा। करीब चार साल पहले वह अपनी मां के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आया था, लेकिन कुछ समय बाद वापस चला गया था।

बिजेंद्र के परिवार में उसके तीन भाई हैं। बड़ा भाई बमबम साह किराना दुकान चलाता है, जबकि दूसरा भाई रामबाबू भी छोटा व्यवसाय करता है। तीसरा भाई जितेंद्र अपने पिता के साथ तेल पेराई के काम में सहयोग करता है। परिवार के सभी सदस्यों ने बिजेंद्र की मौजूदा गतिविधियों से अनभिज्ञता जताई है।

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा से ठीक एक दिन पहले 28 जून को प्रश्न पत्र बरामद हुआ था। इस मामले में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

जांच में यह भी सामने आया है कि बिजेंद्र कुमार गुप्ता का नाम पहले भी कई बड़े परीक्षा घोटालों में सामने आ चुका है। उसका नाम बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा, ओडिशा एसएससी और नीट-यूजी जैसे चर्चित मामलों से जोड़ा गया है। ओडिशा एसएससी पेपर लीक मामले में वर्ष 2023 में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।

पुलिस अब महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बिजेंद्र की भूमिका की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्न पत्र लीक करने वाले गिरोह में उसकी भूमिका क्या थी और इस नेटवर्क में कितने अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस पूछताछ के जरिए परीक्षा माफिया से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

समस्तीपुर के शेरपुर गांव में इस घटना के बाद लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, परिवार द्वारा दूरी बनाए जाने के कारण गांव में इस मामले को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Tags:    

Similar News