पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई-विरार इलाके में 11वीं मंजिल की लॉबी की खिड़की से गिरने के कारण 6 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। इस घटना से बच्ची का परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, हाउसिंग सोसाइटी के अन्य लोग भी बच्ची की असामयिक मौत पर शोक जता रहे हैं।
यह घटना पालघर जिले के वसई-विरार इलाके में नायगांव ईस्ट स्थित नवकार टावर में मंगलवार शाम करीब 3.45 बजे हुई। नायगांव पुलिस थाने में दर्ज एडीआर के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान मिताली दिनेश सुतार (6 वर्ष) के रूप में हुई है।
शिकायत के अनुसार, मिताली अपने घर के सामने रहने वाली एक छोटी बच्ची के साथ खेलने के लिए इमारत की 11वीं मंजिल पर स्थित लॉबी में गई थी। दोनों बच्चियां वहां खेल रही थीं। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब 4 बजे पड़ोस में रहने वाली बच्ची की मां ने मिताली के पिता दिनेश सुतार के पास आकर सूचना दी कि उनकी बेटी लॉबी की खिड़की से नीचे गिर गई है।
यह खबर सुनते ही पिता और आसपास के लोग घबराकर तत्काल इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे। वहां मिताली फायर ब्रिगेड के पाइप पर पीठ के बल गिरी हुई मिली। हादसे के बाद परिजन बिना समय गंवाए बच्ची को एम्बुलेंस की मदद से वसई पश्चिम स्थित कार्डिनल अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की ईसीजी जांच की। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। शाम करीब 6.45 बजे डॉक्टरों ने मिताली को अस्पताल में भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना को लेकर रात करीब 9.30 बजे नायगांव पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: