उल्हासनगर: महाराष्ट्र के उल्हासनगर से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया. गुस्से में बेकाबू हुए आरोपी ने बीच-बचाव करने आए रिश्तेदार पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंची उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान आत्माराम पवार के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी कल्पना आत्माराम पवार, भतीजी माया और माया के पति विलास राजू वाघे के साथ असोडीगांव में भगवान दशरथ काथे के ईंट-भट्टे पर काम करते थे. सभी वहीं काम के सिलसिले में रहते थे.
घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है. बताया गया कि माया और उसके पति विलास वाघे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी. इसी दौरान आत्माराम पवार ने मामले को शांत कराने और दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की.
आरोप है कि बीच-बचाव से नाराज विलास वाघे ने आपा खो दिया और आत्माराम पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. आरोपी ने उनके सिर और छाती पर कई वार किए. हमले में आत्माराम गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई.
पति को खून से लथपथ देखकर कल्पना पवार उन्हें बचाने के लिए आगे आईं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया. इस हमले में कल्पना गंभीर रूप से घायल हो गईं. वारदात के बाद हिल लाइन पुलिस ने विलास राजू वाघे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. एक पारिवारिक विवाद में बीच-बचाव की कोशिश का इस तरह खूनी अंजाम सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है.
Tags: