ITI में रोजगार की नई राह, इलेक्ट्रिक वाहन और साइबर सिक्योरिटी की ट्रेनिंग
महाराष्ट्र में कौशल विकास को बढ़ावा, 346 ITI में शुरू होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में संचालित अल्पकालीन रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम का नाम बदलकर 'संत रोहिदास अल्पकालीन रोजगारपरक पाठ्यक्रम कार्यक्रम' कर दिया है। कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। इस चरण में युवाओं के लिए कुल 26,520 प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें से 18,266 पर प्रवेश हो चुका है।
कार्यक्रम के तहत 346 ITI में 817 और 56 सरकारी तकनीकी विद्यालयों में 67 प्रशिक्षण बैच संचालित होंगे। युवाओं को ड्रोन तकनीक, इलेक्ट्रिक वाहन, सौर ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। दो, तीन और चार घंटे के प्रमाणित पाठ्यक्रमों की सुविधा भी दी गई है। महिलाओं के लिए भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।