Singrauli News: सिंगरौली के रिहंद जलाशय में दोस्तों के साथ नाव पर खड़े होकर रील बनाते समय युवक संतोष शाह असंतुलित होकर पानी में गिर गया और डूब गया। तैरना न आने और तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। दोस्तों के साथ मौज-मस्ती के दौरान नाव पर खड़े होकर रील बना रहा एक युवक अचानक असंतुलित होकर रिहंद जलाशय में जा गिरा। तेज बहाव और गहरे पानी के कारण युवक कुछ ही पलों में डूब गया। यह पूरा हादसा युवक के दोस्तों के सामने हुआ, लेकिन वे चाहकर भी उसे बचा नहीं सके।
जानकारी के अनुसार एमपी के सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बलियरी इलाके में रिहंद डैम में संतोष शाह अपने दोस्तों के साथ रिहंद जलाशय में नाव पर सवार होकर सोशल मीडिया के लिए रील शूट करने लगा। वीडियो को आकर्षक बनाने के लिए वह नाव के किनारे खड़ा हो गया। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे जलाशय में गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवक को तैरना नहीं आता था, जिससे उसकी मुश्किल और बढ़ गई।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक की तलाश के लिए गोताखोरों एवं एनडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए लगाया गया है। रात होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन के कार्य को रोक दिया गया है। कल सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन टीम युवक की तलाश करेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नहर, नदी और अन्य खतरनाक स्थानों पर वीडियो या रील बनाने से बचें।