सिंधी समाज का 39वां निशुल्क नेत्र शिविर 9 दिसंबर को: अब तक 12 हजार OPD, 7 हजार ऑपरेशन सफल
रायसेन। शहर में सिंधी समाज विकास परिषद कई सालों से व्यापार करने के अलावा जनसेवा का कार्य कर भारतीय जन समाज की अग्रणी सेवा कर रही है। इसी कड़ी में आगामी 9 दिसंबर को सिंधी समाज विकास परिषद निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन कर रही है। यह शिविर सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय संत हिरदाराम नगर के सहयोग से मुखर्जी नगर स्थित संत हृदय राम सिंधी धर्मशाला में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
सिंधी समाज के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोहन ललवानी ने बताया कि पिछले 38 वर्षों से समाज लगातार नेत्र शिविर आयोजित कर रहा है। परमहंस संत हृदय राम साहब जी के आशीर्वाद और परम सिद्ध भाऊजी के मार्गदर्शन से अब तक 12,000 से अधिक ओपीडी और 7,000 सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं। समाज का दावा है कि आज तक एक भी ऑपरेशन विफल नहीं हुआ है।
300 से अधिक मरीजों का पंजीकरण और चयन.....
हर साल 300 से अधिक नेत्र रोगी शिविर में पहुंचते हैं। पंजीकरण के बाद भोपाल-बैरागढ़ से आई डॉक्टरों की टीम उनकी आंखों की जांच करती है। हर साल लगभग 150 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित होते हैं।
निशुल्क सुविधाएं और सेवा..
नेत्र शिविर में समाज के सदस्य बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के साथ मरीजों की सेवा करते हैं। उन्हें चाय-नाश्ता और भोजन की सुविधा दी जाती है। चयनित मरीजों को बस से भोपाल के सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय संत हिरदाराम नगर भेजा जाता है। अस्पताल में निशुल्क जांच, ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण, काला चश्मा, दवाइयां, आवास और भोजन की व्यवस्था की जाती है। ऑपरेशन के बाद मरीजों को मुफ्त दवाइयों और बर्तनों के साथ विदा किया जाता है।