Shahdol News: तेज रफ्तार का कहर, बाइक सवार मजदूर को ट्रक ने कुचला, दर्दनाक मौत
Shahdol News: शहडोल जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना ब्याहारी थाना क्षेत्र के शहडोल-रीवा मार्ग पर मिडवे के सामने हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार कृष्णा यादव पुत्र अशोक यादव (21) पास के ही गांव का रहने वाला था। वह शहडोल-रीवा मार्ग पर मिडवे के पास मजदूरी कर रहा था।
ठेकेदार ने उसे कुछ सामान लाने के लिए ब्याहारी बाजार भेजा था। इसी दौरान शहडोल से रीवा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को रोककर चालक को पकड़ लिया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर बीच सड़क पर हुए इस दर्दनाक हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है तथा ट्रक को पुलिस थाने में खड़ा कर दिया गया है।