Shahdol शहडोल: जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां, एक युवक ने जुनूनी प्यार में क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहने की चाहत में प्रेमी ने उसके सात साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। बच्चे की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को एक बंद कोयला खदान में फेंक दिया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
पुलिस के मुताबिक, धनपुरी थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती का रहने वाला मोइनिश, झिल्लाई दफाई इलाके की मजदूर नंदिनी कोल के साथ अफेयर में था। मोइनिश नंदिनी के प्यार में इतना पागल था कि वह उसके साथ रहने के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करने को तैयार था। नंदिनी ने अपने दो छोटे बच्चों की वजह से उसके साथ रहने से मना कर दिया था। यह बात मोइनिश को परेशान करती थी, और वह बच्चों को अपने प्यार में रुकावट मानता था।
आरोपी ने सबसे पहले नंदिनी के सात साल के बेटे ऋतिक कोल को निशाना बनाया। मोइनिश मासूम ऋतिक को बहला-फुसलाकर बगैया नाला के पास एक बंद कोयला खदान में ले गया, जहां उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने बच्चे का शव पानी से भरी खदान में फेंक दिया। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी दूसरे बच्चे को भी मारने की योजना बना रहा था।
गौरतलब है कि ऋतिक कोल पिछले पांच दिनों से लापता था। उसके परिवार ने धनपुरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, और बच्चे को ढूंढने वाले को पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। आखिरकार, बगैया नाला के पास कोयला खदान के पानी में शव तैरता हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत, उसके नग्न अवस्था में होने और घटनास्थल के हालात ने हत्या के शक को और मजबूत कर दिया। पुलिस जांच कर रही हैगहन पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी मोइनिश को गिरफ्तार कर लिया, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल, धनपुरी पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है, और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है
Tags: