हाईकोर्ट जजों की नियुक्ति में आरक्षण की मांग खारिज, SC-ST और OBC को झटका
जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षण अथवा जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका खारिज कर दी गई है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोग्जे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन की याचिका पर सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति एक संवैधानिक प्रक्रिया है। इसमें कॉलेजियम की सिफारिशों पर न्यायिक हस्तक्षेप का दायरा बेहद सीमित है।
अदालत ने अपने फैसले में कहा कि हाईकोर्ट के न्यायाधीश का पद राज्य सरकार के अधीन सामान्य सरकारी नौकरी की तरह नहीं है, बल्कि यह एक उच्च संवैधानिक पद है। इसलिए न्यायाधीशों की नियुक्ति में सामान्य सरकारी भर्तियों की तरह आरक्षण और आनुपातिक प्रतिनिधित्व लागू करने की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती। याचिका खारिज होने के बाद एसोसिएशन ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।
सात अधिवक्ताओं की नियुक्ति को दी गई थी चुनौती
दरअसल, ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 26 अक्टूबर 2026 की उस सिफारिश को चुनौती दी थी, जिसमें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सात अधिवक्ताओं को न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की गई थी।याचिकाकर्ता संगठन की ओर से अधिवक्ता उदय कुमार साहू ने अदालत में पक्ष रखते हुए दलील दी कि अनुशंसित सात नामों में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग का एक भी अधिवक्ता शामिल नहीं है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग से केवल एक अधिवक्ता को सिफारिश में जगह मिली है।एसोसिएशन का तर्क था कि न्यायपालिका में सामाजिक विविधता और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके लिए न्यायाधीशों की नियुक्ति में एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व दिया जाना जरूरी है।याचिका में चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए गए थे। संगठन ने आरोप लगाया कि नियुक्ति के लिए सार्वजनिक सूचना जारी नहीं की गई और न ही ऐसे वस्तुनिष्ठ मानदंड निर्धारित किए गए, जिनके आधार पर सभी योग्य अधिवक्ताओं को समान अवसर मिल सके।
कॉलेजियम की प्रक्रिया में हस्तक्षेप का अधिकार सीमित
मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की युगलपीठ ने स्पष्ट किया कि न्यायाधीशों की नियुक्ति कॉलेजियम व्यवस्था और संविधान के अनुच्छेद 217 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होती है।अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2023 के फैसले अन्ना मैथ्यूज एवं अन्य बनाम सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया का हवाला दिया। पीठ ने कहा कि न्यायपालिका नियुक्ति प्रक्रिया में न्यायिक समीक्षा का दायरा सीमित है। अदालत कॉलेजियम की सिफारिश को अपनी पसंद या राय के आधार पर रद्द नहीं कर सकती और न ही उसे दोबारा विचार के लिए वापस भेजने का निर्देश दे सकती है।पीठ के अनुसार, ऐसा करने से कॉलेजियम के संवैधानिक अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप होगा और न्यायालय अपनी राय को कॉलेजियम के निर्णय के स्थान पर रखने लगेगा।
न्यायाधीशों की नियुक्ति में आरक्षण का प्रावधान नहीं
याचिका खारिज करते हुए अदालत ने कहा कि हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति में किसी जाति या सामाजिक वर्ग के लिए आरक्षण अथवा आनुपातिक प्रतिनिधित्व का संवैधानिक प्रावधान नहीं है।पीठ ने अपने पूर्व फैसले मारुति सोंधिया बनाम भारत संघ एवं अन्य का भी उल्लेख किया। अदालत ने कहा कि न्यायाधीशों की नियुक्ति को राज्य सरकार की सामान्य भर्ती प्रक्रिया के समान नहीं माना जा सकता।सामान्य सरकारी नियुक्तियों में लागू आरक्षण व्यवस्था को इसी आधार पर न्यायिक नियुक्तियों पर लागू नहीं किया जा सकता। इसलिए केवल इस आधार पर कॉलेजियम की सिफारिश को चुनौती नहीं दी जा सकती कि उसमें किसी विशेष सामाजिक वर्ग का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है।अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि नियुक्ति के लिए सार्वजनिक विज्ञापन जारी नहीं करना या औपचारिक आवेदन प्रक्रिया नहीं अपनाना अपने आप में संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन नहीं माना जा सकता।
चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग पर भी उठे सवाल
याचिकाकर्ता संगठन ने नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का मुद्दा भी उठाया था। एसोसिएशन का कहना था कि योग्य अधिवक्ताओं को पर्याप्त अवसर देने के लिए चयन के मानदंड स्पष्ट होने चाहिए तथा अधिवक्ता संगठनों को भी प्रक्रिया की जानकारी मिलनी चाहिए।इस पर अदालत ने कहा कि कॉलेजियम की सिफारिशों को केवल इस आधार पर अवैध नहीं ठहराया जा सकता कि चयन प्रक्रिया में सार्वजनिक विज्ञापन या औपचारिक आवेदन की व्यवस्था नहीं अपनाई गई।पीठ ने राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से प्राप्त अभ्यावेदनों को राज्य सरकार को भेजे जाने के मुद्दे पर भी टिप्पणी की। अदालत के अनुसार, ऐसे अभ्यावेदन नियुक्ति प्राधिकारी के लिए बाध्यकारी संवैधानिक निर्देश नहीं होते। कॉलेजियम की ओर से प्रत्येक अभ्यावेदन पर अलग से कारणयुक्त आदेश जारी नहीं करना भी उसकी सिफारिश को अवैध नहीं बनाता।
सरकारी वकीलों की नियुक्ति को अलग मामला माना
याचिका में अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता और शासकीय अधिवक्ताओं की नियुक्तियों में भी आरक्षित वर्गों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलने का मुद्दा उठाया गया था।हालांकि, हाईकोर्ट ने इस दलील को न्यायाधीशों की संवैधानिक नियुक्ति प्रक्रिया से अलग माना। अदालत के अनुसार, राज्य सरकार के विधि अधिकारियों की नियुक्ति कार्यपालिका की नीति और पेशेवर विश्वास के आधार पर होती है।इसे हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति की संवैधानिक प्रक्रिया के साथ जोड़कर चुनौती नहीं दी जा सकती। पीठ ने कहा कि समान आधारों पर पहले भी याचिका खारिज हो चुकी है और मौजूदा मामले में ऐसा कोई नया आधार सामने नहीं आया, जिसके कारण अलग दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता हो।
सुप्रीम कोर्ट जाएगी ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन
हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी की है।संगठन का मानना है कि उच्च न्यायपालिका में सामाजिक विविधता और सभी वर्गों की भागीदारी का सवाल महत्वपूर्ण है। वहीं, हाईकोर्ट ने अपने फैसले में नियुक्ति प्रक्रिया को संवैधानिक व्यवस्था के अधीन बताते हुए आरक्षण और आनुपातिक प्रतिनिधित्व की मांग स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।इस फैसले के बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सात अधिवक्ताओं की नियुक्ति से जुड़ी कॉलेजियम की सिफारिश पर इस याचिका के कारण लगी कोई रोक नहीं रह गई है।फिलहाल यह मामला न्यायपालिका में सामाजिक प्रतिनिधित्व, कॉलेजियम व्यवस्था की पारदर्शिता और न्यायाधीशों की नियुक्ति में न्यायिक समीक्षा की सीमा को लेकर एक बार फिर बहस का विषय बन गया है।