ईद मिलाद-उल-नबी जुलूस के दौरान आपत्तिजनक नारेबाजी, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
MP मध्य प्रदेश: सागर जिले में ईद मिलाद-उल-नबी के जुलूस के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तीन बत्ती इलाके में हुई। घटना के बाद एक हिंदू संगठन के सदस्य ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (धर्म के आधार पर समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना), 299 (धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले कृत्य), 351 (2) (आपराधिक धमकी) और 353 (सार्वजनिक उपद्रव भड़काने वाले बयान) के तहत केस दर्ज किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लोकेश सिन्हा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें आपत्तिजनक बातें नजर आईं। मामले की जांच तथ्यों के आधार पर की जा रही है और आगे की कार्रवाई उसी पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच पूरी होने पर उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।