MP News: हटा थाना क्षेत्र के नवोदय वार्ड में शनिवार दोपहर हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से प्रहलाद नामदेव नामक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने दोपहर करीब 2 बजे हटा सिविल अस्पताल के गेट के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। नगर परिषद अध्यक्ष शैलेंद्र खटीक भी प्रदर्शन में शामिल हुए। जाम के कारण स्टेट हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 3 घंटे तक चला यह प्रदर्शन एसडीएम राकेश मरकाम के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और जिस हाईटेंशन लाइन के कारण यह हादसा हुआ उसे रिहायशी इलाके से हटाकर दूसरी जगह लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। ग्रामीणों का आरोप है कि इस इलाके में पहले भी करंट के कारण कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।