MP News: जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र के सुकरी रायपुरा के पास मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार मैहर में मां शारदा के दर्शन कर अपने गृह जिले छिंदवाड़ा लौट रहे थे। बरगी थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि छिंदवाड़ा निवासी यह परिवार मैहर दर्शन कर लौट रहा था।
सुकरी रायपुरा के पास उनकी अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सुनीता बाई को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेश्वर, जयश्री और सुषमा घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।