MP News: पैसों की बारिश नहीं हुई तो तांत्रिक की कर दी हत्या, 2 गिरफ्तार
MP News: मध्य प्रदेश के खंडवा के बड़गांव गुर्जर जामली फाटा पर एक व्यक्ति की खून से लथपथ लाश मिली है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का महज 24 घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक झाड़-फूंक करने वाला कथित तांत्रिक था, जिसने आरोपियों से वादा किया था कि वह तंत्र क्रिया के जरिए पैसों की बारिश करवाएगा और उसके लकवाग्रस्त पिता को ठीक कर देगा। जब ऐसा नहीं हुआ तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी।
दरअसल, घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 7:30 बजे मिली, जब कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि घानाबेड़ी जामली फाटा तिराहा के पास एक व्यक्ति की खून से लथपथ लाश पड़ी है। थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पाया कि अज्ञात व्यक्ति की सिर पर पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या की गई है। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान रामचंद्र पिता रघुनाथ पटेल (46 वर्ष) निवासी ग्राम सराय, थाना पिपलोद के रूप में हुई।
घटना की जानकारी देते हुए एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक रामचंद्र पटेल खुद को तांत्रिक बताता था और झाड़-फूंक करता था। आरोपी कैलाश भास्कर (33) निवासी पाडल्या और आदित्य दांगोड़े (27) निवासी जावर ने उससे कई बार तांत्रिक क्रियाएं करवाई थीं। उन्होंने मृतक को लकवा का इलाज कराने और धन वर्षा के लिए पैसे, बकरा और शराब भी दी थी।
लेकिन जब उन्हें कोई फायदा नहीं मिला तो उन्होंने रामचंद्र को बुलाया और पहले साथ में शराब पी और फिर उसे सुनसान जगह पर ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। कॉल डिटेल के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों ने इनकार किया, लेकिन बाद में मानसिक रूप से पूछताछ करने पर हत्या करना कबूल कर लिया।