MP News: उपेक्षा के चलते 16वीं शताब्दी में बना विजयपुर किला जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गया है। उपेक्षा का दंश झेल रहे किले की मोटी दीवार सोमवार को हुई बारिश के कारण ढह गई। किले की दीवार गिरने से लोगों में भय व्याप्त हो गया है। लोगों को डर है कि किले की जर्जर दीवार दूसरे हिस्से से गिरकर जनहानि का कारण बन सकती है।
श्योपुर जिले में चार दिनों से हो रही बारिश के चलते विजयपुर किले की दीवार गिर गई। इस घटना ने विजयपुर किले के रखरखाव को लेकर पुरातत्व विभाग की गंभीरता की पोल खोल दी है। गनीमत रही कि दीवार गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई है। विजयपुर के निवासियों ने बताया कि इस क्षतिग्रस्त दीवार के अंदर पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं है। यहां नियमित सफाई भी नहीं होती। इस कारण पानी भरने से दीवार की नींव कमजोर हो गई और वह ढह गई।
गनीमत रही कि घटना के वक्त दीवार के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। विजयपुर में मौजूद किले का निर्माण 14वीं-15वीं शताब्दी में हुआ था। इस किले का निर्माण उस समय करौली के राजा विजय सिंह ने करवाया था। इस समय तक यहाँ करौली राज्य की सीमा हुआ करती थी। विजयपुर में इस किले का निर्माण राजा विजय सिंह ने अपनी खदान के वन क्षेत्र में शिकार करने आने वाले लोगों की परिस्थितियों को देखते हुए करवाया था। बाद में राजा विजय सिंह के नाम पर ही इस कस्बे का नाम विजयपुर रखा गया।