MP News: हनुमानगढ़ तहसील क्षेत्र के दामोदरगढ़ स्थित छिलहा गाँव में बकरी चोरी के संदेह में दो गुटों के बीच विवाद हिंसा में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शनिवार, 19 अक्टूबर की दोपहर, जब शिवदयाल यादव और उनके रिश्तेदार शिवदास यादव धान काटने के लिए चंदेह गाँव जा रहे थे, तभी पटेहरा-लेदरा पहाड़ी के पास सिद्धार्थ यादव, राजेश यादव और राजू यादव ने लगभग आधा दर्जन अन्य लोगों के साथ अचानक उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब शिवकुमार यादव मौके पर पहुँचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना की खबर मिलते ही डायल 112 पुलिस की एक टीम मौके पर पहुँची और दोनों पक्षों को अलग करके स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश यादव, राजू यादव और छोटू यादव को घटनास्थल से हिरासत में लिया और थाने ले गई।पीड़ित पक्ष का दावा है कि बकरी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज़ होकर आरोपियों ने उन पर हमला किया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जाँच में दोनों पक्षों के बीच झगड़े और मारपीट की पुष्टि हुई है। दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।