MP News: गुरुवार को भोपाल-इंदौर हाईवे पर ग्राम कोठारी के पास अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पलट गया। इसके बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। इससे ट्रक में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दूसरा लापता बताया जा रहा है। ट्रक इंदौर से जबलपुर जा रहा था। ट्रक में नष्ट हुई शराब की अनुमानित कीमत आठ लाख रुपए बताई जा रही है। एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि ट्रक एमपी 28 एच 1489 इंदौर-बड़वाह से सरकारी शराब लेकर जबलपुर स्थित सरकारी गोदाम के लिए निकला था। सीहोर के ग्राम कोठारी के पास हादसे के बाद यह पलट गया, जिसके बाद इसमें भीषण आग लग गई।
आष्टा टीआई गिरीश दुबे ने बताया कि नंबर के आधार पर वाहन मालिक की तलाश करने पर ट्रक में ड्राइवर और क्लीनर भी सवार थे। हादसे के बाद मृतक ट्रक से बाहर गिर गए। सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई। जांच के बाद पुलिस ने ड्राइवर जावेद के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसलिए पुलिस प्रारंभिक तौर पर यह मान रही है कि मरने वाला व्यक्ति ट्रक चालक है, जिसकी पहचान भोपाल के नवोदय कैंसर अस्पताल के पास निवासी जावेद अली के रूप में की जा रही है। ट्रक मालिक का नाम पिपरिया निवासी विनय तिवारी है।
जानकारी के अनुसार, शराब से भरा ट्रक नेशनल हाईवे से गुजर रहा था, इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि आग से बचने के लिए व्यक्ति ट्रक से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना में ट्रक में रखी अंग्रेजी शराब आग लगने से नष्ट हो गई, जिसकी कीमत करीब आठ लाख रुपए बताई जा रही है। मामले की पुलिस जांच जारी है।