MP News: जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के नंदरई गांव में मंगलवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक आदिवासी युवक की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सीएसपी अभिषेक तिवारी और पथरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक नंदरई गांव निवासी 27 वर्षीय रामरतन सौर मंगलवार रात एक भोज कार्यक्रम से लौट रहा था।
इसी दौरान गांव के ही कुछ युवक मुट्ठे, दत्तू, चंदू और मोहन आदिवासी ने उसे रास्ते में घेर लिया और उस पर लाठियों से हमला कर दिया। रामरतन के भाई गोपाल आदिवासी के मुताबिक जब उसने अपने भाई की चीख सुनी तो वह अपने कुछ दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक वहां कुछ और लोग भी पहुंच गए और हमलावरों ने मिलकर रामरतन की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल रामरतन को परिजन पथरिया अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। सीएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया गया है। परिजनों की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Tags: