MP News: मध्य प्रदेश के जावद के जाट गांव और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोगों ने बड़े-बड़े घटिया स्पीड ब्रेकर बना दिए हैं, जो लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं. कन्हैया नाम का युवक पिकअप वाहन की पिछली सीट पर बैठकर ढोल बजाने गया था. युवक ढोल बजाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. कल युवक किसी के कार्यक्रम में ढोल बजाने के लिए पिकअप में बैठा था, तभी अचानक तुमड़िया गांव के पास पिकअप चालक स्पीड ब्रेकर को नहीं देख सका और वाहन ब्रेकर के ऊपर से उछल गया, जिससे पीछे बैठे चार लोग पिकअप से नीचे गिर गए, जिसमें कन्हैया के सिर में गंभीर चोटें आईं|
जब उसे उपचार के लिए उदयपुर ले जाया गया तो इस हादसे में गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जिस पिकअप वाहन में युवक सवार था उसका पिछले कई वर्षों से इंश्योरेंस व फिटनेस नहीं था और पिकअप केवल सवारियों को लेकर चलती है, देखा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई ऐसे वाहन चल रहे हैं जिनका इंश्योरेंस व फिटनेस नहीं है और यह व्यवसायिक वाहन अवैध रूप से सवारियां ढो रहे हैं, जाट क्षेत्र में ऐसे वाहनों की चेकिंग नहीं होती और चालानी कार्रवाई भी नहीं होती। इस कारण भी दुर्घटनाएं हो रही हैं, क्षेत्र की सड़कें भी काफी जर्जर हालत में हैं, जाट रतनगढ़ रोड पर तारा घाटी भी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
इस घाटी के एक तरफ बड़ा नाला बना हुआ है और घाट काफी संकरा होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घाट पर एक वाहन के गुजरने के लिए ही पर्याप्त जगह है और सड़क के किनारे बड़ा नाला बना हुआ है। इसलिए घाट के मोड़ पर अगर सामने से कोई वाहन आता है तो एक वाहन दूसरे को नहीं देख पाता है, ऐसे में एक वाहन को रिवर्स करना पड़ता है तभी दूसरा वाहन निकल पाता है। इस घाट की सड़क के दोनों ओर भराव होने की शिकायत लोगों ने कई बार लोक निर्माण विभाग से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।