वर्दी से बदसलूकी पड़ी भारी, नशे में धुत युवक गिरफ्तार
युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करने और उस पर हाथ उठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र की है, जहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने युवक को रोका था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी की और उस पर हाथ उठाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) रॉबिन जैन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पड़ाव थाना क्षेत्र में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में मौजूद एक युवक को पुलिसकर्मी ने रोका। इसके बाद युवक ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हाथ उठाने की कोशिश
सीएसपी रॉबिन जैन के अनुसार, युवक ने पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उस पर हाथ उठाने का भी प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बल प्रयोग कर युवक को नियंत्रित किया।
शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज
ट्रैफिक पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पर पड़ाव थाने में आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और लोकसेवक के साथ अभद्रता तथा दुर्व्यवहार करने से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।
साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि मामले में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात था और युवक को रोकने के दौरान ही विवाद शुरू हुआ था।