MP News: पटवारी और उसके दोस्त की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या की आशंका
MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बमीठा थाना अंतर्गत ग्राम सूरजपुरा में शुक्रवार सुबह एक पटवारी और उसके दोस्त की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों हमेशा की तरह गुरुवार शाम को खेत घूमने गए थे, अगले दिन दोनों के शव खेत में मिले, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार राजनगर तहसील के उमरिया हल्का में पदस्थ पटवारी प्राण सिंह 50 वर्ष जो कि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती आदिवासी के पति हैं, अपने दोस्त छन्नू यादव 45 वर्ष के साथ हमेशा की तरह गुरुवार शाम को खेत घूमने गए थे. इसके बाद दोनों देर रात तक वापस नहीं लौटे. वहीं परिजनों ने बताया कि उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन दोनों के फोन बंद बता रहे थे|
इसके बाद पूरी रात मौसम खराब होने के कारण परिजनों ने दोनों की तलाश नहीं की. शुक्रवार सुबह जब पटवारी के परिजन खेत पर पहुंचे तो दोनों बेहोश पड़े मिले, जिसके बाद परिजन पटवारी प्राण सिंह को तुरंत जिला अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने खेत से 45 वर्षीय छन्नू यादव का शव भी बरामद किया है। घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
पटवारी प्राण सिंह के बेटे कमलेश ने बताया कि उसके पिता के गले पर और उसके दोस्त छन्नू यादव के कान व पैर पर खून के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट की आशंका है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रुति ने बताया कि घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है। दोनों के शव खेत पर स्थित निर्माणाधीन मकान में मिले हैं। पीड़ित पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है।