MP News: मध्य प्रदेश के खरगोन शहर के डायवर्सन रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में खड़ी एक कार में बीती रात आग लग गई। कार में आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। आशंका जताई जा रही है कि पीडब्ल्यूडी परिसर के सामने देर रात एक शादी समारोह में आतिशबाजी की चिंगारी से पेड़ से गिरे पत्तों में आग लगने से कार में आग लगी। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी की सूचना पर मौके पर पहुंची नगर पालिका की फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
हालांकि आग लगने से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जलकर राख हो गया। देर रात कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस जांच में जुटी है। यह कार रविंद्र नगर निवासी महेश जोशी की बताई जा रही है। जोशी ने सुरक्षा की दृष्टि से कार को पीडब्ल्यूडी के बाउंड्रीवाल वाले परिसर में खड़ी की थी।