MP News: सागर जिले में नेशनल हाईवे 44 पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मालथौन थाना क्षेत्र के दबदेरा फाटक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार से आ रही बाइक सड़क पर पड़े डामर और गिट्टी के ढेर से टकरा गई। इस हादसे की वजह नेशनल हाईवे की मरम्मत करने वाली कंपनी आईआरबी इंफ्रा की कथित लापरवाही बताई जा रही है, जिसने मरम्मत के बाद गिट्टी डामर के ढेर को सड़क पर ही छोड़ दिया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर गिट्टी डामर के ढेर पर चढ़ गई, जिससे बाइक सवार 10 फीट हवा में उछलकर नीचे गिर गए। नीचे गिरते वक्त टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार रौंडा निवासी तीन युवक विजय अहिरवार, सौरभ अहिरवार और लकी पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से लकी पटेल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। जबकि एक की मौत हो गई है। बड़ोदिया कलां निवासी राकेश भोंडेले ने बताया कि आईआरबी कंपनी द्वारा मरम्मत कार्य के बाद निकले डामर और बजरी के ढेर को लापरवाही से सड़क पर छोड़ दिया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। लोगों में कंपनी के प्रति काफी गुस्सा है और उन्होंने इस मामले में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मालथौन एसडीएम मुनव्वर खान का कहना है कि नेशनल हाईवे पर लगातार हादसे क्यों हो रहे हैं। इसमें किसकी लापरवाही है, बात करता हूं। कार्रवाई की जाएगी।