MP News:चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में नर्सिंग छात्रा की मौत, युवक घायल
MP News: बैतूल रेलवे स्टेशन पर रविवार को चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में एक नर्सिंग छात्रा की मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में एक युवक भी घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मैसूर-जयपुर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। जयपुर की रहने वाली नर्सिंग छात्रा अमृता नायर (20) ट्रेन के B3 कोच में सफर कर रही थी। ट्रेन रुकने पर वह पानी और चिप्स लेने के लिए नीचे उतरी, लेकिन इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। कोच के दरवाजे पर खड़े यात्री रोशन अली ने उसे ऊपर खींचने की कोशिश की, लेकिन वह भी अपना संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया।
प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरने से अमृता गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल रोशन अली राजस्थान का रहने वाला है और मैसूर में मजदूरी करता है। वह भी उसी कोच में सफर कर रहा था जिसमें अमृता सफर कर रही थी। घायल रोशन का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद ट्रेन करीब 27 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उसके साथ यात्रा कर रही उसकी दोस्त एंजेल थॉमस गहरे सदमे में है। रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने अमृता के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।