MP News: गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र के दर्जी मोहल्ला में घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक व्यक्ति की पत्थर से वार कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक और आरोपी दोनों ही आपस में करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. जानकारी सामने आई है कि बुधवार रात करीब 10 बजे दर्जी मोहल्ला निवासी 47 वर्षीय गोविंद नामदेव की उसकी बहन के बेटे ने पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी|
गोविंद नामदेव और आरोपी आमने-सामने रहते हैं. गोविंद के बेटे ऋषभ नामदेव के दोस्त गिरवर साहू ने आरोपी के घर के सामने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी. इस पर आरोपी मनोज नामदेव, विश्वास नामदेव, पीयूष नामदेव ने आपत्ति जताई और मामूली विवाद मारपीट में बदल गया. गोविंद नामदेव झगड़ा शांत कराने घर से बाहर आए तो पीयूष नामदेव ने बड़ा पत्थर उठाकर उनके सिर पर दे मारा. गोविंद को लहूलुहान हालत में देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद गंभीर रूप से घायल गोविंद नामदेव को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा रेफर किए जाने पर उसे पहले गुना के दो निजी अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन यहां भी डॉक्टरों ने उसका इलाज करने से मना कर दिया।
इसके बाद गोविंद के परिजन उसे भोपाल ले गए, जहां हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह गोविंद का शव वापस गुना लाया गया, जिसके बाद पुलिस ने जिला अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया और ऋषभ नामदेव की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, जो देर रात से ही फरार बताए जा रहे हैं।