MP News: शिक्षक ने अपने भाई की गोली मारकर हत्या की, गांव में फैली सनसनी
MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रकाश बम्होरी थाना क्षेत्र के प्रकाश बम्होरी गांव में मंगलवार रात दो चचेरे भाइयों के बीच हुए झगड़े में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी, इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. हालांकि घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हत्या में प्रयुक्त तमंचा और घटनास्थल पर मृतक के खून की पहचान की. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रकाश बम्होरी निवासी प्रहलाद सिंह शासकीय स्कूल घटहरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं और ओम प्रकाश उर्फ बड़े भैया के बीच झगड़ा हुआ था|
विवाद इतना बढ़ गया कि शिक्षक प्रहलाद सिंह ने घर में रखे अवैध तमंचे से छोटे चचेरे भाई ओमप्रकाश सिंह के सीने में गोली मार दी. परिजन घायल ओमप्रकाश सिंह को इलाज के लिए महोबा ले जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई. मृतक ओमप्रकाश सिंह खेतीबाड़ी करता था. घटना के बाद से भय और दहशत का माहौल बना हुआ है. हत्या करने वाला शिक्षक फरार हो गया है।