MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले में बड़ा हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित गैस टैंकर ने एक कार और पिकअप वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से पिचक गई और लोग उसके अंदर फंस गए। पिकअप में भी लोग फंसे थे, जिन्हें क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। माना जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। जानकारी के मुताबिक हादसा बुधवार रात धार जिले से गुजरने वाले नवनिर्मित बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर हुआ।
पुलिस ने बताया कि धार जिले के बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर गलत साइड से आ रहे एक गैस टैंकर ने एक कार और पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में एक और ने दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में बैठे कुछ लोग उछलकर दूर जा गिरे जबकि कुछ लोग कार में बुरी तरह फंस गए। हादसे के वक्त टैंकर और पिकअप में तीन लोग फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक सभी मृतक मंदसौर जिले के सीतामऊ और नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी थे, जो इंदौर से उज्जैन होते हुए मंदसौर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर और टीआई अमित सिंह कुशवाह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। वाहन में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।