MP News: छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। हादसा अमरवाड़ा-चौरई रोड स्थित चौरसिया पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने से हुआ। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में सुखराम यादव (21), आयुष यादव (19), शहजाद खान (19), विक्रम उइके (18) और अविनाश उइके (18) की मौत हो गई है। इनमें सुखराम और आयुष एक ही परिवार के थे, जबकि विक्रम और अविनाश लिंगपानी गांव के निवासी थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पर सवार सुखराम, आयुष और शहजाद अमरवाड़ा से छुई एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार विक्रम और अविनाश लिंगपानी से अमरवाड़ा एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। चौरसिया पेट्रोल पंप के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को तत्काल अमरवाड़ा अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान तीन की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
उनका आरोप था कि डॉक्टरों ने समय पर उपचार नहीं किया, जिसके कारण युवकों की जान नहीं बच सकी। स्थिति को देखते हुए एसडीएम हेमकरण धुर्वे, एसडीओपी रवींद्र मिश्रा, तहसीलदार राजेश मरावी और टीआई राजेंद्र धुर्वे मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।