MP News: बारिश के चलते कच्चे मकान की दीवार गिरी, उसके नीचे दबने से महिला घायल
MP News: मैहर जिले में सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण बुधवार शाम अमरपाटन थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 में एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में एक महिला दीवार के नीचे दब गई, जिसे स्थानीय निवासियों और परिजनों की मदद से बाहर निकाला गया। घटना वार्ड 10 निवासी गोविंदा रजक के घर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दीवार गिरते ही घर में मौजूद मुन्नी रजक नाम की महिला उसके नीचे दब गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला।
महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।