MP News: नशे में धुत बेटे ने कर दी पिता की हत्या

Update: 2025-05-13 04:14 GMT
MP News: छिंदवाड़ा जिले के परासिया के सिद्धबाबा ढाना में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक बेटे ने शराब के नशे में अपने ही पिता की डंडे और धारदार हथियार से बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई इतनी भीषण थी कि 58 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग का शव घर में मिला, जबकि उसे पहले घायल अवस्था में सड़क से घसीटकर अंदर लाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना रविवार रात की है। मृतक मिठाईलाल परतेती मजदूरी करता था और पिछले कुछ समय से अपनी बहन के साथ रह रहा था।
लेकिन, पिछले तीन दिनों से वह बेटे पप्पू परतेती और बहू के साथ रह रहा था। रविवार को पिता-पुत्र दोनों ने शराब पी थी। देर रात दोनों के बीच विवाद हुआ और पप्पू ने अपने पिता पर डंडे और धारदार दरांती से हमला कर दिया। हमले में मिठाईलाल बुरी तरह घायल हो गया। हाथ की हड्डी टूटी हुई थी, घुटनों और गालों पर गहरे घाव थे। पुलिस ने मौके से दरांती भी बरामद की है।
घटना के बाद आरोपी पप्पू मौके से फरार हो गया। उसने शव को सड़क से उठाकर घर में रख दिया। परिजन और आसपास के लोग पुलिस को कुछ भी बताने से बचते नजर आए। मृतक की बहन की सूचना पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। परासिया और रावनवाड़ा शिवपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
Tags:    

Similar News