MP News: आगर मालवा जिले में चलती बस के ड्राइवर को अचानक दिल का दौरा पड़ गया. दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक और ईंटों के ढेर से टकरा गई. यह हादसा जिले के कानड़ इलाके में शनिवार दोपहर हुआ. गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई. स्थानीय लोगों ने तुरंत ड्राइवर को कानड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया|
दरअसल, आगर मालवा जिले के कानड़ में निजी यात्री बस मालवा ट्रैवल्स बड़ौद से शुजालपुर जा रही थी. रोज की तरह यह कानड़ बस स्टैंड से निकलकर नलखेड़ा जोड़ चौराहे के पास पहुंची. तभी बस चला रहे आगर मालवा निवासी ड्राइवर रईस खान को अचानक दिल का दौरा पड़ गया. इससे पहले कि अन्य यात्री कुछ समझ पाते, बस अनियंत्रित हो गई. इसके बाद बस सड़क किनारे लगे होर्डिंग और बाइक से टकराई और फिर ईंटों के ढेर से टकराकर रुक गई। घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया।
आस-पास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने चालक को बस से बाहर निकाला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बस में सवार यात्रियों को कोई चोट नहीं आई। गनीमत रही कि बस होर्डिंग और ईंटों के ढेर से टकराने के बाद रुक गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बस की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली और बस को थाने में खड़ा कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया।