MP News: रविवार शाम इंदौर से पुणे के लिए रवाना हुई एक स्लीपर बस बाईपास पर एक कंटेनर से टकराने के बाद आग लग गई। यह हादसा महू बाईपास के बाद हुआ। टक्कर में आठ यात्री घायल हुए, लेकिन आग लगने से कोई हताहत नहीं हुआ। आग के पूरी तरह से बस को अपनी चपेट में लेने से पहले 40 से ज़्यादा यात्री बस से सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे के बाद यात्री भी सहम गए। इस घटना के बाद हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी पहुँचने से पहले ही बस आग की चपेट में आ गई।
एक निजी ट्रैवल्स की बस इंदौर से यात्रियों को लेकर पुणे के लिए रवाना हुई थी। रात में बाईपास पर एक कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। इससे बस चालक और आठ यात्री घायल हो गए। इसमें एक महिला भी शामिल है। टक्कर के बाद बस के अगले हिस्से में आग लग गई। धुआँ निकलता देख यात्री बस से उतरने लगे। आग के पूरी तरह से बस को अपनी चपेट में लेने से पहले ही यात्री सुरक्षित नीचे उतर गए, हालाँकि उनका सामान बाहर नहीं निकाला जा सका।
आग लगने की सूचना दमकल को दी गई, लेकिन उसे पहुंचने में आधा घंटा लग गया, तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। यात्रियों ने बताया कि टक्कर के बाद बस के आगे वाले केबिन से धुआं उठता दिखाई दिया। बस कंडक्टर ने बताया कि कंटेनर से धुआं उठ रहा था। इस वजह से ड्राइवर कुछ देख नहीं पाया। अचानक बस कंटेनर से टकरा गई और आग लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर महू और पीथमपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।