MP News: पन्ना के करही रोड पर नयाखेड़ा गांव के पास आज एक बड़ा हादसा हो गया. जहां एक ऑटो रिक्शा पलटने से महिलाओं समेत 11 लोग घायल हो गए. हादसा उस वक्त हुआ जब एक गाय को बचाने के चक्कर में ऑटो पलट गया. घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक पवई नगर के वार्ड क्रमांक 8 के निवासी ये लोग धान की रोपाई के लिए छिरहा हार जा रहे थे|
रास्ते में नयाखेड़ा के पास सड़क पर बैठी एक गाय अचानक ऑटो के सामने आ गई, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.