MP News: शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के डोंगर गांव के पास भरका सिद्ध स्थल के झरने से दोस्तों के साथ पार्टी कर लौट रहा एक युवक पुलिया पर आ रहे पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद युवक के दोस्तों और परिजनों के साथ पुलिस तलाश में जुटी रही, लेकिन बाइक समेत पानी में बहे युवक का रविवार शाम तक पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस ने अभियान चलाया जिसके बाद लापता युवक का शव बरामद हुआ।
बताया जाता है कि कमलागंज घोसीपुरा निवासी पप्पन खान का पुत्र फरदीन (22) अपने कुछ दोस्तों के साथ बाइक से पिकनिक पर भरका स्थित झरने पर गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे सभी दोस्त वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह डोंगर रोड स्थित पुलिया पर पहुंचे तो देखा कि पुलिया के ऊपर पानी का तेज बहाव है। इसके बाद भी फरदीन अपनी बाइक पुलिया पर उतार दिया, लेकिन पानी की गहराई और गति अधिक होने के कारण फरदीन बाइक समेत पानी में बह गया। दोस्तों ने उसे बहते देखा तो तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सतनवाड़ा थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और फरदीन की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मौके पर रेस्क्यू के लिए एसडीईआरएफ की टीम बुलाई गई, लेकिन रात होने के कारण सोमवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इसके बाद लापता युवक का शव बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags: