MP News: भारी बारिश के बाद सोन नदी पर बने बंतसागर बांध के 8 गेट शुक्रवार को एक साथ खोल दिए गए. बांध प्रशासन ने यह फैसला जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण लिया, जिससे सोन नदी में अचानक उफान आ गया है. बांध से करीब 3331 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे सीधी जिले के करीब 35 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. चुरहट एसडीएम शैलेश द्विवेदी को जैसे ही इस स्थिति की जानकारी मिली, उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तटवर्ती गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया. उन्होंने लोगों से सोन नदी के किनारों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की है|
प्रभावित गांवों की सूची में मुख्य रूप से शिकारगंज, बघाड़, बरदैला, चोभरा, झाला, डिठौरा, सजहा, कंधवार, भितरी, गुजदर, चंद्रेह, झगरी, पोस्ता और खैरा जैसे गांव शामिल हैं. इन गांवों में बाढ़ का पानी घुसने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राजस्व अमले, पुलिस बल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें तैनात कर दी हैं।
बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं और नाव, टॉर्च, प्राथमिक उपचार आदि आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं। बाँध अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण बाँध का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया है, जिसके कारण आठ गेट (गेट संख्या 6 से 13) खोल दिए गए हैं। जलस्तर पर लगातार नज़र रखी जा रही है और ज़रूरत पड़ने पर और गेट भी खोले जा सकते हैं। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों में फिर से भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासनिक दिशानिर्देशों का पालन करें। बाढ़ संभावित क्षेत्रों के लोग सतर्क रहें, ज़रूरत पड़ने पर प्रशासन के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें और ऊँचाई पर स्थित सुरक्षित स्थानों पर चले जाएँ।
Tags: