Mp Accident: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से स्कूटी सवार तीन नाबालिग छात्र टकरा गए। हादसे में दो छात्रों की स्पाट पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे छात्र ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।ये दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना जिले के अंतर्गत आने वाले सोहागपुर की है, जहां स्टेट हाइवे पर करनपुर के पास ये भीषण हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि, आमदेह गांव के रहने वाले नाबालिग 9वीं कक्षा के छात्र थे। तीनों कोचिंग से पढ़ाई करके वापस गांव लौट रहे थे।
अंधेरे के कारण सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली उन्हें दिखाई नहीं दी। तेज रफ्तार होने की वजह से स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रॉली में जा घुसी।टक्कर इतनी भयावह थी कि, स्कूटी के तो परखच्चे उड़े ही 2 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवा दिया गया है। घटना के बाद छात्रों के परिजन का बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।