Mauganj News: आकाशीय बिजली ने मचाया कहर, 12 वर्षीय बालक की मौत, महिला झुलसी
Mauganj News :मऊगंज जिले के नईगढ़ी क्षेत्र में मंगलवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा एक मवेशी की भी जान चली गई। पहली घटना नईगढ़ी थाना अंतर्गत हटवा सेंगर गांव की है, जहां 12 वर्षीय नीरज साकेत अपने घर से कुछ दूर बकरी चराने गया था। इसी बीच अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए नीरज एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। दुर्भाग्य से उसी समय पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। दूसरी घटना नईगढ़ी के वार्ड क्रमांक 12 की है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से मीरा विश्वकर्मा (35) झुलस गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल नईगढ़ी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इसी हादसे में उनके परिवार के रामाधार विश्वकर्मा की एक गाय भी आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मर गई। प्रधान आरक्षक रामकुमार भास्कर ने बताया कि मृतक किशोर नीरज साकेत के शव को विधिक प्रक्रिया के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी की मोर्चरी में रखवाया गया है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने आकाशीय बिजली से हुई मौत पर प्रशासन से राहत राशि दिलाने की मांग की है।