Katni कटनी: कटनी जिले के जुहली गाँव में सोमवार सुबह एक दुखद घटना घटी। घर की सफाई कर रही 40 वर्षीय महिला की कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना एनकेजे थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जुहली गाँव निवासी फूल बाई कोरी सुबह घर में पोछा लगा रही थी। इसी दौरान उसने गलती से पास में रखे कूलर को छू लिया। कूलर में करंट था, जिससे फूल बाई को जोरदार झटका लगा। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही बेहोश हो गई।
हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन घबरा गए और उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से गाँव और परिवार में मातम छा गया।पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एनकेजे पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। प्रारंभिक जाँच से पता चला है कि कूलर में तकनीकी खराबी के कारण करंट प्रवाहित हुआ था।
यह दुर्घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि बरसात के मौसम में बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल बेहद सावधानी से करना चाहिए। समय-समय पर तारों और उपकरणों की जाँच ज़रूरी है। थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।