Guna गुना: गुना के दशहरा मैदान इलाके में शुक्रवार को कचरे में एक लाल थैला मिलने से हड़कंप मच गया। शहर में कचरा एकत्र करने वाली कंपनी डिवाइन वेस्ट मैनेजमेंट के अधिकारियों ने कैंट पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दरअसल, शुक्रवार को कचरा बीनने वाले कुछ बच्चे और महिलाएं दशहरा मैदान के आसपास प्लास्टिक की थैलियां और बोतलें इकट्ठा कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला की नजर एक लाल थैले पर पड़ी और जैसे ही उसने लालच में थैले को उल्टा किया तो महिला के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि लाल थैले से एक मानव भ्रूण जमीन पर गिरा था।
यह देखकर कचरा बीनने वालों ने दशहरा मैदान स्थित डिवाइन वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों को इसकी सूचना दी। कंपनी के अधिकारी भी मानव भ्रूण देखकर हैरान रह गए, उन्होंने तुरंत कैंट पुलिस को मौके पर बुलाया।
शुरुआती जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह भ्रूण शहर में घूम रहे किसी कचरा वाहन में फेंका गया होगा। यह भी कहा जा रहा है कि जिस बैग में भ्रूण फेंका गया है, वह किसी अस्पताल में इस्तेमाल होने वाला बैग लग रहा है। हो सकता है कि अस्पताल के कर्मचारियों ने ही भ्रूण को कचरा गाड़ी में फेंक दिया हो, ताकि नियमानुसार मानव भ्रूण को दफनाने की प्रक्रिया से बचा जा सके। प्रथम दृष्टया मानव भ्रूण करीब 3 महीने पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी है, ताकि मानव भ्रूण को इस तरह फेंकने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।