धमाके के बाद लगी आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला हालात

Update: 2025-06-12 15:40 GMT
Agra आगरा : आगरा में कोतवाली के घने इलाके किनारी बाजार में बृहस्पतिवार दोपहर चांदी गलाने के कारखाने में भीषण विस्फोट में दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर घायल हो गए। कारखाना मार्केट की दूसरी मंजिल पर संचालित हो रहा था। धमाके से पड़ोस की दुकान के शीशे टूट गए।
आसपास की अन्य दुकानों की खिड़कियां और दरवाजे हिल गए। लपटें भूतल तक आईं, जिससे रास्ते से निकल रहे व्यापारी और राहगीर झुलस गए। इससे बाजार में दहशत फैल गई। व्यापारी शटर गिराकर भाग गए। सूचना पर दो दमकलों ने पहुंचकर 1 घंटे में आग पर काबू पाया। गैस रिसाव के दाैरान वैक्यूम बनने के बाद विस्फोट की आशंका जताई गई है। घटना दोपहर तकरीबन 2:35 बजे की है। किनारी बाजार में कपिल गर्ग की श्री जी कंप्यूटराइज्ड टंच के नाम से मार्केट के भूतल पर दुकान है। मार्केट में ही पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल पर भी दुकान बनी हैं। महाराष्ट्र के जिला सांगली स्थित तास गांव निवासी सुनील राव पाटिल ने दूसरी मंजिल पर किराये पर दुकान ली थी। वह चांदी गलाने का कारखाना चलाते थे।
पुलिस ने बताया कि कारखाने में सराफ और उनके कर्मचारी चांदी लेकर आते थे। चांदी को भट्ठी में गलाया जाता था। इसके लिए एलपीजी सिलिंडर लगे हुए थे। सांगली के ही आदित्य विलास पलगर, अवदूत और राहुल कारखाने में काम कर रहे थे। वहीं राज नगर, लोहामंडी निवासी मनीष और कमला नगर डी ब्लाक के मनीष माल लेकर आए थे। अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबर्दस्त था कि आसपास की दुकानों की खिड़कियां और दरवाजे हिल गए। एक दुकान के शीशे भी टूट गए। वहीं आग की लपटें तीसरी और पहली मंजिल के साथ ही बाजार से गुजर रहे लोगों पर आईं, जिससे वह भी झुलस गए।
धमाके के बाद कारखाने से चीखपुकार मच गई। धुआं और आग की वजह से लोग कारखाने की तरफ जाने की हिम्मत नहीं कर सके। बाद में झुलसे हुए चार लोग संकरी सीढि़यों से भूतल पर आए, जबकि एक ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। झुलसे हुए लोगों को लोग ई रिक्शा में बैठाकर एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी ले गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। 30 मिनट बाद 1 दमकल पहुंची। पुलिस और दमकल कर्मियों ने सीढि़यां लगाकर और चाैबेजी का फाटक की तीसरी मंजिल की छत से पानी डाला। 1 घंटे में आग को पूरी तरह से काबू में कर लिया। घटना में सुनील पाटिल (45) और आदित्य विलास (22) की मृत्यु हुई है। वहीं अन्य लोग घायल हैं। उनका उपचार चल रहा है।
गैस रिसाव से हुआ धमाका मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि कारखाने में भट्ठी चलाने के लिए एलपीजी सिलिंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। पहले आशंका थी कि हादसा सिलिंडर फटने से हुआ है। मगर, सिलिंडर के टुकड़े नहीं मिले। इससे आशंका है कि गैस रिसाव होने के बाद आग लगने से वैक्यूम बनी होगी। इससे विस्फोट हो गया। धमाका काफी जबर्दस्त था।
Tags:    

Similar News