Damoh दमोह: दमोह जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के चील घाट पर मजदूरों को छोड़कर लौट रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली बुधवार रात ब्यारमा नदी के बहाव में फंसकर पलट गई। दो यात्री पूरी रात ट्रैक्टर पर ही रहे, जबकि उन्हें बचाने गया एक युवक डूब गया। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने दोनों को बचा लिया। मृतक युवक का दमोह में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मड़ियादो निवासी जानकी आदिवासी और उदयपुर निवासी विनोद बुधवार रात कुंवरपुर गांव में ओमकार पटेल के यहां मजदूरों को छोड़ने चील घाट (टपरिया) गए थे। लौटते समय कुम्हारी थाना क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। नदी पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और ट्रैक्टर ट्रॉली डूब गई। ड्राइवर और क्लीनर दोनों ट्रैक्टर पर चढ़ गए। बहाव तेजी से बढ़ा, जिससे ट्रॉली पलट गई। दोनों जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी चीखें सुनकर स्थानीय निवासी गुड्डू उर्फ राकेश यादव (35) नदी पर पहुंचा और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में डूब गया।