Burhanpur बुरहानपुर: बुरहानपुर जिले के जैनाबाद जयसिंहपुरा गांव में एक दुखद घटना घटी, जहां एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक जयेश कुशवाह शराब के नशे में घर में आए दिन झगड़ा करता था। घटना वाले दिन उसने अपने पिता धन सिंह को गालियां दीं और ईंट से हमला कर दिया। इससे गुस्साए पिता ने पास में पड़े दरांती से जयेश पर हमला कर दिया।
जयेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकारपुर पुलिस ने आरोपी पिता धन सिंह को मौके से गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। थाना प्रभारी कमल सिंह पवार ने बताया कि आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है, और आगे की कार्यवाही जारी है।