Bhopal : नकाबपोश ने आधी रात को बाइक में लगाई आग, बैटरी फटने से मचा हड़कंप
Bhopal : राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रात के सन्नाटे में एक नकाबपोश गलियों में दाखिल हुआ। मामला सुभाष कॉलोनी का है, जहां शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:15 बजे एक अज्ञात बदमाश ने पेट्रोल छिड़ककर एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि बाइक की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज से पूरी कॉलोनी दहल उठी।
यह खुमान सिंह की बाइक थी, जो पिछले सात महीने से यहां किराए पर रह रहे हैं। गनीमत रही कि धमाके की आवाज सुनकर मकान मालिक देवेंद्र त्रिपाठी की नींद खुल गई और समय रहते पास खड़ी अन्य गाड़ियों को हटा लिया गया, वरना पूरी गली श्मशान बन सकती थी।
पीड़ित खुमान सिंह, जो पिपलानी में मोटर बाइंडिंग का काम करते हैं, उन्होंने किसी से भी दुश्मनी होने से इनकार किया है। सवाल यह है कि अगर कोई रंजिश नहीं थी, तो क्या राजधानी में कोई 'साइकिक' अपराधी सक्रिय है जिसे आग लगाने में मजा आता है? पुलिस हुलिए के आधार पर साये की तलाश कर रही है।