रातापानी टाइगर रिजर्व में बाघ का दुर्लभ दीदार, एक घंटे तक पर्यटकों संग दिखाई दी अठखेलियां
Raisen, रायसेन। रातापानी टाइगर रिजर्व औबेदुल्लागंज में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को 5 साल का एक बाघ करीब एक घंटे तक दिखाई दिया। बाघ पर्यटकों के सामने बेखौफ घूमता रहा और अठखेलियां करता रहा। इस नजारे को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। और अपने मोबाइल व कैमरों में इस पल को कैद किया।
टाइगर के इस तरह खुले में नजर आने से रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों के और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय गाइडों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में बाघ और अन्य वन्यजीवों के लगातार दिखने से पर्यटकों की संख्या में तेजी आई है। राजधानी भोपाल के नजदीक होने के कारण यह टाइगर रिजर्व पूरे साल आकर्षण का केंद्र बना रहता है।
पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव....
पर्यटक धनंजय सिंह और अंजलि सिंह ने बताया कि उन्होंने पहली बार बाघ को इतने नजदीक से देखा, जो उनके लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव रहेगा। दोनों ने कहा कि रातापानी का प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों का नजारा अद्भुत है।
लगातार दिख रहे वन्यजीव...
डीएफओ औबेदुल्लागंज हेमंत रैकवार ने बताया कि पिछले 15 दिनों में कई बार बाघ पर्यटकों को दिखाई दिया है। झिरी जंगल सफारी मार्ग पर पर्यटकों ने उसके फोटो और वीडियो भी बनाए हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ा दी है।ताकि पर्यटक सुरक्षित माहौल में वन्य जीवन का आनंद ले सकें।